रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में रविवार रात को रिपोर्टिंग के लिए पहुंचे एक पत्रकार के साथ सुरक्षा में तैनात निजी बाउंसरों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश है। रात में ही पत्रकारों ने सीएम हाउस के बाहर धरना देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उरला में हुई चाकूबाजी की खबर की पुष्टि और जानकारी के लिए जब एक पत्रकार अस्पताल पहुंचा तो वहां ड्यूटी पर मौजूद बाउंसरों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उसे जबरन पीछे धकेला गया और रिपोर्टिंग से रोका गया। यह सब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड भी हो गया है। इस घटना से पत्रकार संगठनों और मीडियाकर्मियों में गहरा आक्रोश है। एक जिम्मेदार पत्रकार को अपनी ड्यूटी निभाने से
रोकना और उसके साथ मारपीट करना अभिव्यक्ति की आज़ादी और प्रेस की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन है।
