Local & National News in Hindi
Header Top

बिना नवीनीकरण संचालित मोबाइल टावरों पर निगम सख्त

0 141

*123 टावरों पर 2.18 करोड़ रुपये का डिमांड बिल जारी*

* नोटिस की अनदेखी पर बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी

*वार्डों में अवैध संचालन पाए जाने पर होगी तत्काल कार्रवाई*

*निगम ने टावर संचालकों व भवन मालिकों से किया तत्काल नवीनीकरण का आग्रह*

दुर्ग 15 दिसम्बर / नगर निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र में बिना नवीनीकरण के संचालित मोबाइल टावरों को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर मोबाइल टावर संचालकों को नोटिस जारी की गई है। शहर में वर्तमान में कुल 123 मोबाइल टावर संचालित पाए गए हैं, जिन पर निगम द्वारा 2 करोड़ 18 लाख 49 हजार रुपये का डिमांड बिल संबंधित संचालकों एवं कंपनियों को भेजा गया है।

इसके बावजूद कई कंपनियों द्वारा निगम की नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिसके चलते अब कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। नगर निगम द्वारा अवैध रूप से संचालित मोबाइल टावरों के बिजली कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

निगम जांच में शहर के विभिन्न वार्डों में मोबाइल टावरों का बिना वार्षिक नवीनीकरण के संचालन पाया गया है। नियमानुसार प्रत्येक मोबाइल टावर का प्रति वर्ष नवीनीकरण कराना अनिवार्य है, जिसका पालन संबंधित कंपनियों द्वारा नहीं किया गया।

शहर में मोबाइल टावर स्थापित करने वाली प्रमुख कंपनियों में आइडिया, अमेरिकन टावर, बीएसएनएल, बीटीए सेल्स, क्यूपो टेलीकॉम, एस्सार टेलीकॉम, एसेंड टेलीकॉम, आदिया सेल्युलर, इंडिया टेलीकॉम, रिलायंस जियो इंफोकॉम, वोडाफोन वायरलेस, टीटी इंफो सर्विस सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं, जिनके टावरों पर कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.